– परिवार में मचा कोहराम
इटावा। घरेलू कलह से परेशान एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय रिंकू राठौर ने कथित रूप से घरेलू विवाद से परेशान होकर दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


