41.6 C
Lucknow
Saturday, June 13, 2026

गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं की बसों में भीषण टक्कर, दो की मौत, तीन दर्जन से अधिक घायल

Must read

 

कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल दीं। कलेक्ट्रेट के सामने एटा डिपो की रोडवेज बस और राजस्थान से आए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बसों से बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए सोरों आ रहे थे। इसी दौरान कलेक्ट्रेट के सामने उनकी बस एटा डिपो की बस से टकरा गई। हादसे में कई श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article