इटावा: जनपद में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ‘बिग डैडी एप’ के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और टेलीग्राम का सहारा लेकर आरोपी लोगों को निवेश के नाम पर फंसाता था और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर क्राइम थाना पुलिस को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग इंस्टाग्राम पर ‘बिग डैडी एप’ का प्रचार कर रहे हैं और लोगों को उसमें निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आरोपी खुद को सफल निवेशक बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और दावा करता था कि उसने इस एप के जरिए लाखों रुपये कमाए हैं। उसके झांसे में आकर कई लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई निवेश कर दी, लेकिन बाद में उनका पैसा डूब गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र के नेतृत्व में जांच शुरू की गई, जिसमें शिवा कुशवाहा नाम का व्यक्ति मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए 13 मार्च 2026 को आरोपी समेत 9 अन्य लोगों के खिलाफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम ने 23 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा कुशवाहा को सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल के सामने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक आईफोन 14 बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल वह साइबर ठगी को अंजाम देने में करता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह टेलीग्राम के माध्यम से ‘बिग डैडी एप’ नामक कंपनी से एक एजेंट के रूप में जुड़ा था। उसका काम लोगों को झूठे वादों और फर्जी मुनाफे के लालच में फंसाकर निवेश करवाना था। जब लोगों का पैसा डूब जाता था, तो उसे कमीशन के रूप में मोटी रकम मिलती थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से इस तरह की ठगी में लिप्त था और अब तक लगभग एक करोड़ रुपये कमा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान एप या सोशल मीडिया पर दिए जा रहे निवेश के झांसे में न आएं और सतर्कता बरतें।


