30.2 C
Lucknow
Monday, August 10, 2026

म्यूल अकाउंट गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 33 साइबर फ्रॉड में 10.18 करोड़ की ठगी का हुआ खुलासा, 5 खाताधारक गिरफ्तार

Must read

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा (Janjgir-Champa) जिले में साइबर थाना पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट (Mule bank account) के जरिए देशभर में साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में 5 म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड के मामलों में किया गया।

इन 33 मामलों में कुल करीब 10 करोड़ 18 लाख 19 हजार 809 रुपये की साइबर ठगी सामने आई है। वहीं, आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए म्यूल खातों में ठगी से संबंधित करीब 66 लाख 557 रुपये ट्रांसफर किए जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी आर्थिक लाभ और कमीशन के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दी जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय की गाइडलाइन और पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के तहत साइबर थाना जांजगीर-चांपा ने समन्वय पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की गहन जांच में आरोपियों के खातों का कनेक्शन देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 33 साइबर फ्रॉड मामलों से मिला।

पुलिस जांच में म्यूल खातों का संबंध देश के 11 राज्यों में दर्ज साइबर अपराधों से पाया गया है। इनमें आंध्रप्रदेश के 4, गोवा के 2, गुजरात के 5, हिमाचल प्रदेश के 2, कर्नाटक के 6, महाराष्ट्र के 3, राजस्थान के 2, तेलंगाना के 4, उत्तर प्रदेश के 2, पश्चिम बंगाल के 1 और छत्तीसगढ़ के 2 मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपी तुषार सिंह राठौर, ओम प्रकाश केंवट और सत्यनारायण आदित्य ने पुलिस को बताया कि संदीप चंद्रा और उसके साथियों ने कमीशन का लालच देकर उनसे बैंक खाते खुलवाए थे। आरोपियों के मुताबिक मोबाइल नंबर चालू करवाने के बाद बैंक खातों को अपने कब्जे में लेकर उनका इस्तेमाल किया गया। इसके बदले खाताधारकों को हजारों से लेकर लाखों रुपये तक कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार जांच में यह भी पता चला है कि संदीप चंद्रा वर्तमान में बिलासपुर रेंज के साइबर थाने में दर्ज एक साइबर फ्रॉड मामले में केंद्रीय जेल में निरुद्ध है।

इन 5 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

सत्यनारायण आदित्य, निवासी ग्राम किकिरदा, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा।
तुषार सिंह राठौर, निवासी ग्राम फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा।
हरिश कुमार देवांगन, निवासी सिवनी, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।
ओम प्रकाश केंवट, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा।
मनोज कुमार मांझी, निवासी चांपा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना जांजगीर-चांपा में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 बीएनएस में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

 

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article