37 C
Lucknow
Saturday, June 13, 2026

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 100 किलो लहन नष्ट, 15 लीटर कच्ची शराब बरामद

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 100 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया, जबकि 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में एक अभियोग भी पंजीकृत किया गया है।
इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने जनपद की विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कम्पोजिट शराब दुकान धंसुआ तथा देशी शराब की दुकानों धंसुआ बेवर रोड एवं पपियापुर में सघन जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की गई।
आबकारी अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
विभाग की ओर से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article