लखनऊ। प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के 30 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) के तबादले कर दिए हैं। इसके साथ ही समूह ‘ख’ के 19 शिक्षा अधिकारियों को भी बेसिक शिक्षा विभाग में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी सूची के अनुसार हरिओम सिंह को कानपुर नगर, आशीष कुमार पाण्डेय को कानपुर देहात, अनिल कुमार सिंह को कुशीनगर, अमित सिंह को मुरादाबाद तथा गोरखनाथ पटेल को सीतापुर का नया बीएसए बनाया गया है। वहीं डॉ. राम जियावन मौर्य को देवरिया, भूयेन्द्र सिंह को वाराणसी, समीर को जौनपुर और देवव्रत सिंह को प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में प्रिंसी मौर्य को फतेहपुर, वीरेन्द्र कुमार सिंह को बुलंदशहर, दीपा भाटी को हापुड़, नवीन कुमार को बदायूं तथा जय शंकर श्रीवास्तव को शाहजहांपुर का बीएसए नियुक्त किया गया है। रणवीर सिंह को हाथरस, अनुपम अवस्थी को एटा, अनिल कुमार को फिरोजाबाद और आलोक सिंह को अलीगढ़ भेजा गया है।
सरकार ने संतोष कुमार राज को शामली, राकेश सिंह को आगरा, रत्नेश कुमार को ललितपुर, पूनम मिश्रा को अंबेडकरनगर, विकास चौधरी को जालौन तथा पूनम को कन्नौज का बीएसए बनाया है। इसके अलावा मुकेश खरवार को हमीरपुर, जितेंद्र कुमार गौड़ को झांसी, रंजना शुक्ला को चित्रकूट, विकास चंद्र श्रीवास्तव को बलरामपुर, सुरजीत सिंह को महाराजगंज और विकास कुमार सिंह को मैनपुरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन का मानना है कि इस बड़े पैमाने पर किए गए प्रशासनिक बदलाव से बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और शिक्षा संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी। तबादला सूची जारी होने के बाद संबंधित जिलों में नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।


