लखनऊ: राज्य की योगी सरकार (Yogi government) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के 13 IAS अफसरों का स्थानांतरण किया है। इनमें चार मंडलायुक्त भी शामिल हैं। यूपी में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए शासन ने 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला (transferred) सूची में गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली और बस्ती मंडलों के मंडलायुक्तों में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही आवास, कृषि, ऊर्जा, गृह, प्रशासनिक सुधार और औद्योगिक विकास समेत कई विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
सचिव, कृषि इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण और सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज की मंडलायुक्त सोनिया अग्रवाल को श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश बनाया गया है।
गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव प्रकाश बिन्दु को पीसीडीएफ का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है। प्रमुख सचिव, कृषि रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्व के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव को बस्ती का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शम्भु कुमार को बरेली का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। बरेली के मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सरकार ने प्रशासनिक अनुभव के आधार पर इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्प राज सिंह को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा नियुक्त किया गया है। नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल को विशेष सचिव, गृह विभाग बनाया गया है। वहीं, आवास आयुक्त डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।


