नाम-पता बदलकर कराया था कथित फर्जी बैनामा, पुलिस ने दबोचे वांछित आरोपी
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
जमीन के फर्जी बैनामे और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने के चर्चित मामले में अमृतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अमृतपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 78/2026 में वांछित आरोपी अनार सिंह पुत्र रामसिंह निवासी रुपपुर मंगलीपुर थाना मऊदरवाजा तथा ब्रह्मदत्त पुत्र राम आसरे निवासी कटरी तौफीक थाना शमशाबाद को गिरफ्तार किया।
बताया गया है कि ग्राम भाऊपुर निवासी अक्षन पुत्र नसीम खान ने 15 जून 2026 को थाना अमृतपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने नाम-पता बदलकर और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए तथा धोखाधड़ी पूर्वक फर्जी बैनामा करा लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिकायत के आधार पर थाना अमृतपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मामले में न्यायालय के समक्ष अपने अधिवक्ता के माध्यम से पक्ष रखने की बात कही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनार सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं ब्रह्मदत्त के विरुद्ध भी इसी प्रकरण में मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक राहुल सिंह, आरक्षी ध्रुव शुक्ला तथा आरक्षी दिनेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


