अलीगढ़। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की जांच के बीच अलीगढ़ प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। जांच के दौरान रामघाट रोड स्थित प्रतिष्ठा आईएएस -पीसीएस एकेडमी को मानकों के विपरीत संचालित पाए जाने पर कार्रवाई शुरू की गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह कोचिंग संस्थान कुमार प्लाजा में संचालित हो रहा था। निरीक्षण के दौरान भवन और सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां सामने आने की बात कही जा रही है। कार्रवाई की भनक लगते ही कोचिंग संचालक संस्थान पर ताला लगाकर फरार हो गया।
अधिकारियों के मुताबिक कोचिंग संस्थान आवश्यक मानकों और नियमों का पालन किए बिना संचालित किया जा रहा था। भवन की स्वीकृति, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में संबंधित संचालक की तलाश भी की जा रही है।
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और शैक्षणिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच चल रही है। इसी क्रम में अलीगढ़ प्रशासन ने भी शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या अवैध संचालन पाया जाएगा, उनके खिलाफ सीलिंग, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रामघाट रोड पर हुई इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है और कई संस्थान अपने दस्तावेज तथा सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं।


