37.5 C
Lucknow
Wednesday, June 3, 2026

छिंदारी बांध में बड़ा हादसा : नहाने गए तीन दोस्तों में 17 साल का किशोर डूबा, तलाश में जुटे गोताखोर

Must read

खैरागढ़: खैरागढ़ जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) (Chhindari Dam) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा (Major accident) हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम बुलाई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुईखदान के तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ देर बाद तीनों जलाशय में नहाने उतरे। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे पानी के गहरे हिस्से की ओर चले गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और तीनों डूबने लगे। हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि लक्ष्य पाल (17 वर्ष) पिता संजय पाल गहरे पानी में समा गया और फिर बाहर नहीं निकल सका।

घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के मुताबिक जलाशय की अधिक गहराई और सीमित दृश्यता के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है। स्थिति को देखते हुए दुर्ग से SDRF टीम को बुलाया गया है, जो विशेष उपकरणों के साथ गुरुवार को सर्च ऑपरेशन चलाएगी।

गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी और सावधानी बरतने की अपील के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने का जोखिम उठा रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। घटना के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article