– मुकदमे में नामजद दबंगों में तीन गिरफ्तार, गए जेल,मची खलबली
– पुलिस के एक्शन से अपराधियों में दहशत
– “कानून से ऊपर कोई नहीं”: एसपी
फर्रुखाबाद: जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दबंगों पर अब पुलिस अधीक्षक आरती सिंह का सख्त शिकंजा कसता जा रहा है। नवाबगंज में यूपी-112 के निर्दोष सिपाही पर हुए कतिलाना हमले के बाद एसपी आरती सिंह ने जैसे ही मामले का संज्ञान लिया, वैसे ही पुलिस महकमा एक्शन मोड में आ गया। देखते ही देखते तीन दबंग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बरतल वाली गली में सिपाही विल्सन के साथ हुई बर्बर मारपीट की घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया था। दबंगों ने सिपाही को गली में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जान बचाने के लिए घर में घुसने के बाद भी उसे बाहर खींचकर हमला किया। लेकिन घटना के बाद एसपी आरती सिंह ने साफ संदेश दे दिया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी के निर्देश पर नवाबगंज पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी नन्हे सिंह, बीरसिंह और कन्हैया लाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी जारी है।
जनपद में लगातार हो रही सख्त कार्रवाइयों से दबंगों और उपद्रवियों में खलबली मची हुई है। अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रहीं एसपी आरती सिंह की कार्यशैली अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


