लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा से किसानों को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है।
डॉ. राय ने कहा कि देश और प्रदेश का अन्नदाता दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं के चलते उसकी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने किसानों की खड़ी फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है, जिससे वे आर्थिक संकट में घिर गए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकार का दायित्व बनता है कि वह किसानों के साथ मजबूती से खड़ी हो और उन्हें त्वरित राहत प्रदान करे। उन्होंने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और नुकसान का सही आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा वितरित किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि किसानों को इस संकट से उबारने के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जानी चाहिए, ताकि वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकें और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।
उन्होंने दोहराया कि राष्ट्रीय लोक दल किसानों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और इस मुद्दे पर सरकार से ठोस कदम उठाने की अपेक्षा करता है।
लोकदल नें उठाई ओलावृष्टि से तबाह किसानों के लिए तत्काल राहत की मांग


