नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने लाठीचार्ज, आंसू गैस और कथित पैलेट गन के इस्तेमाल सहित कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
खरगे ने सवाल उठाया कि छात्र प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ने का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि यदि पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ है तो इसकी अनुमति किस स्तर से दी गई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में मौजूद कुछ लोगों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए और स्पष्ट किया जाए कि वे किस एजेंसी या विभाग से जुड़े थे।
उन्होंने दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम की जवाबदेही तय करने की मांग की।
मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद और देश के सामने इस मामले पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संतोषजनक जवाब देने में विफल रहती है तो गृह मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।


