27 C
Lucknow
Monday, August 17, 2026

झारखंड में जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द, 2014 से अब तक सभी परीक्षाओं की होगी सीआईडी जांच

Must read

 

रांची। झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार रात मंत्रियों के साथ करीब चार घंटे चली बैठक के बाद इसकी घोषणा की। सरकार ने वर्ष 2014 से अब तक आयोजित सभी परीक्षाओं की सीआईडी जांच कराने की बात भी कही है।

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र पिछले 24 दिनों से आंदोलन कर रहे थे। कई छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। छात्रों की प्रमुख मांग परीक्षा रद्द करने के साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की थी।

इस बीच झारखंड कर्मचारी चयन आयोग कार्यालय में सीआईडी की टीम पहुंची और सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की। टीम ने परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और अभिलेख भी खंगाले। इससे पहले सचिव के आवास पर भी जांच टीम कार्रवाई कर चुकी है।

राहुल गांधी की चिट्ठी के बाद सियासत तेज

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर आंदोलनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का सुझाव दिया था। भाजपा नेता अमित मालवीय ने पत्र को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि यदि वे छात्रों को लेकर गंभीर हैं तो स्वयं रांची जाकर उनसे क्यों नहीं मिले।

छात्र नेता रूपेश कुमार ने कहा कि सरकार को उनकी सभी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। छात्रों ने सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। सरकार के फैसले के बाद अब आंदोलन की आगे की रणनीति छात्रों की बैठक में तय होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article