राधा-कृष्ण के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु, करीब 5 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी समारोह को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भगवान श्रीराधा-कृष्ण के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में राधा-कृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों से वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आ रहा है।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिर आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया है।
इस्कॉन मंदिर में इस बार करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के सामने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने की बड़ी चुनौती रहेगी।
जन्माष्टमी के उल्लास के बीच राजधानी का इस्कॉन मंदिर राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है और भक्त भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।


