शोपियां: कश्मीरी पंडितों को धमकी के बीच और दक्षिण कश्मीर (South Kashmir) में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन के बीच सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। J&K के शोपियां (Shopian) जिले में सुरक्षाबलों ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान आतंकवादियों के तीन संदिग्ध मददगारों को गिरफ्तार किया और उनके पास से विस्फोटक बरामद किए, साथ ही उनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड और आतंकी संगठन के पोस्टर भी बरामद किए हैं।
शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े पांच पोस्टर बरामद हुए। शोपियां में सुरक्षाबलों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके से 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलगाम के मतुलहामा निवासी जुनैद अहमद डार, कुलगाम के चुड्डर निवासी अमीर यूसुफ और कुलगाम के मतुलहामा निवासी मुजफ्फर अहमद के बेटे जुनैद मुजफ्फर के तौर पर हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नियमित नाका चेकिंग के दौरान की गई, लेकिन बरामदगी ने पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि इन तीनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है ताकि बरामदगी के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
वहीं, दूसरी तरफ पुलवामा में भी सुरक्षाबलों ने यरवान जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के रूप में हुई है। पुलवामा में पकड़ाए संदिग्धों के पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और हैंड ग्रेनेड मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के द्वारा सुरक्षा को देखते हुए तलाशी अभियान को तेज कर दिया गया है, साथ ही जगह-जगह सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है।


