नई दिल्ली। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए ईरान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और पवन खेड़ा को औपचारिक निमंत्रण भेजा है। कांग्रेस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, भारत सरकार की ओर से भी आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल अंतिम संस्कार में शामिल होगा।
सूत्रों के अनुसार, अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई के बीच तेहरान, कौम और मशहद में आयोजित किए जाएंगे। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन इन समारोहों में हिस्सा लेंगे। इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रतिनिधिमंडल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल ईरान जाकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
अयातुल्ला अली खामेनेई का निधन अमेरिका और इजरायल के हमलों के दौरान हुआ था। सुरक्षा कारणों, क्षेत्रीय तनाव और कूटनीतिक परिस्थितियों के चलते उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया कई महीनों तक टाल दी गई। अब हालात सामान्य होने के बाद ईरान ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के बीच आयोजित होने वाला यह समारोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है और इसे ईरान की कूटनीतिक सक्रियता के रूप में भी देखा जा रहा है।


