हरदोई
एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 7 लाख रुपये की फिरौती न मिलने पर बदमाशों ने 7 साल के मासूम की हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद किया गया।
घटना मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ गांव की है। यहां रहने वाले अकील का 7 वर्षीय बेटा अबू सालेह सोमवार को घर के पास लगे उर्स मेले में गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 3 मई को अकील के पास एक कॉल आई, जिसमें बदमाशों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने पिता से 100 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए।
परिजनों ने समय मांगा, लेकिन बाद में पैसा देने से इनकार कर पुलिस को पूरी जानकारी दे दी। पुलिस ने कॉल ट्रेस करते हुए कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 5 मई की शाम करीब 3:30 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर मदरसे के पीछे मकई के खेत से बच्चे का शव बरामद किया गया, जिसे मिट्टी में दबाया गया था।
शव मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर के बाहर जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अपहरण और फिरौती की सूचना समय पर देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, एएसपी (पूर्वी) सुबोध गौतम ने बताया कि पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटी थी और कई स्थानों पर दबिश दी गई थी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


