– अतिक्रमण से लेकर आवारा पशुओं तक बड़ा मुद्दा
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की मासिक बैठक ने शहर की जमीनी हकीकत को बेपर्दा कर दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक-एक कर उन समस्याओं को सामने रखा, जिनसे रोजाना हजारों लोग जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक फाइलों में ही दबे हुए थे।
बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा शहर में बेतरतीब अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था का उठा। व्यापारियों ने लाल सराय क्षेत्र में पार्किंग जोन और वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग रखते हुए कहा कि अव्यवस्थित यातायात से व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं सिकत्तर बाग इलाके में आवारा पशुओं का आतंक भी गंभीर चिंता का विषय बना रहा—जहां आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है।
बीबीगंज क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े नाले के निर्माण की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। व्यापारियों ने साफ कहा कि बरसात के समय यह इलाका जलभराव का केंद्र बन जाता है, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अलावा महादेवी वर्मा की मूर्ति के पास लगे ट्रांसफॉर्मर को हटाने की मांग को भी सुरक्षा के लिहाज से अहम बताया गया।
बैठक में शहरभर में अतिक्रमण हटाने की मांग ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, जिससे अवैध कब्जों का नेटवर्क मजबूत होता जा रहा है।
नई जिलाधिकारी ने इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। हालांकि, सवाल यह है कि क्या यह निर्देश जमीनी स्तर पर भी उतनी ही तेजी से लागू होंगे या फिर यह बैठक भी बाकी बैठकों की तरह कागजी साबित होगी।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी का स्वागत पटका और स्मृति चिन्ह देकर किया गया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम, आईटी सेल अध्यक्ष संजू रस्तोगी, संयुक्त महामंत्री अनुपम रस्तोगी, महिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला, नेहा मिश्रा, रेखा मिश्रा, नेहा शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। समाजसेवी संजय गर्ग की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।


