फर्रुखाबाद। बुधवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में नगर क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए तथा क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले थ्री-व्हीलर टेंपो और ऑटो पर विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों में लगी अतिरिक्त सीटों को मौके पर ही कटवाकर हटवाया। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में निर्धारित सीटों के अनुसार ही सवारी बैठाने की सख्त हिदायत दी गई।
यातायात अभियान के दौरान कुल 350 वाहनों का चालान किया गया, जबकि नियमों की अनदेखी करने पर 9 वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा और कई चालकों ने मौके पर ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।
यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अवैध रूप से लगे टेंपो की अतिरिक्त सीटें हटाईं, नगर में चला सख्त वाहन चेकिंग अभियान


