बोले,स्कूल बंद होने से बेटियों की पढ़ाई सबसे ज्यादा प्रभावित, सत्ता में आए तो दोबारा शुरू करेंगे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बंद किए गए सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए करीब 26 हजार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू कराया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि स्कूल बंद होने का सबसे ज्यादा असर बेटियों की शिक्षा पर पड़ा है।
अखिलेश यादव पहले भी दावा कर चुके हैं कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। उनके मुताबिक मार्च 2017 तक प्रदेश में 1,13,938 सरकारी प्राथमिक विद्यालय थे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों के बंद होने के साथ सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या भी घटी है।
सपा प्रमुख के अनुसार वर्ष 2017 में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में करीब 61.57 लाख छात्राएं पढ़ती थीं, जबकि अब यह संख्या लगभग 45 लाख रह गई है। उन्होंने इसे स्कूलों के बंद होने से बेटियों की शिक्षा पर पड़े असर से जोड़ते हुए कहा कि दूर स्कूल होने के कारण लड़कियों की पढ़ाई ज्यादा प्रभावित होती है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2017 में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में करीब 1.17 करोड़ बच्चे पढ़ते थे, जो अब घटकर लगभग 89 लाख रह गए हैं। शिक्षकों की संख्या भी उनके अनुसार करीब 4 लाख से घटकर 3.40 लाख रह गई है और लगभग 81 हजार शिक्षण पद रिक्त हैं।
हालांकि, अखिलेश यादव के आरोपों पर प्रदेश सरकार ने पलटवार किया है। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने 26 हजार स्कूल बंद किए जाने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि कई विद्यालयों को प्रशासनिक सुविधा और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए एक-दूसरे में समायोजित किया गया है। सरकार के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 1,32,773 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं।
ऐसे में 26 हजार स्कूलों का आंकड़ा फिलहाल अखिलेश यादव के राजनीतिक दावे के रूप में सामने आया है, जबकि राज्य सरकार इसे स्कूलों के बंद होने के बजाय विलय/समायोजन का मामला बता रही है।


