फर्रुखाबाद । नगर के मोहल्ला नुनहाई स्थित आनंदेश्वर महादेव प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद भगवान श्रीरामजी के बाल स्वरूप की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। मंदिर की भव्यता और दिव्यता बढ़ाते हुए श्रीरामजी के साथ-साथ श्री हनुमानजी एवं शनिदेवजी महाराज का भी श्रृंगार किया गया।
प्राण प्रतिष्ठा उत्सव 15 से 18 जून तक चला। इस दौरान विद्वान पंडित प्रमोद कुमार, ओंकार नाथ और राजेन्द्रनाथ मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक, अन्नाभिषेक, फलाभिषेक, पुष्पाभिषेक, पूजन, शयन, नगर भ्रमण और महाआरती संपन्न कराई। पूरे आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति का वातावरण बना रहा।
श्री रामभक्त राधाकृष्ण द्विवेदी, डॉ. शिव ओम अम्बर, गणेश दुबे, प्रमोद पांडेय, मुन्ना भैया, रत्नेश शुक्ला, मनोज मिश्रा, अमित, वैभव, प्रशांत, ललन भैया, अखिलेश दुबे ने सपत्नी श्रीमती चारुल दुबे के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप की आरती उतारी। इससे पहले भगवान का दिव्य एवं भव्य श्रृंगार कर भक्तों ने दर्शन लाभ प्राप्त किया।
प्राण प्रतिष्ठा के समापन पर महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और कार्यक्रम को सफल बनाया। मंदिर समिति ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया।


