30 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से पति-पत्नी समेत चार की मौत

Must read

छह वर्षीय बच्ची गंभीर घायल, कार के दरवाजे तोड़कर निकाले गए शव; लखनऊ से दवा लेकर लौट रहा था परिवार

मसौली/बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच मार्ग पर मंगलवार सुबह बिंदौरा चौराहे के पास भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी, बेटे और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दवा लेकर श्रावस्ती लौट रहा था परिवार
श्रावस्ती जिले के भिनगा निवासी मोहम्मद शरीफ अपनी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटे उजैम, बेटी साजिया और छह वर्षीय बच्ची हुदा के साथ ऑल्टो कार संख्या UP32CD0221 से लखनऊ गए थे। बताया गया कि हुदा का उपचार चल रहा है और परिवार उसके लिए दवा लेने लखनऊ गया था। मंगलवार सुबह दवा लेकर सभी वापस घर लौट रहे थे।

रास्ता पूछने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि परिवार बिंदौरा चौराहे के पास रास्ता भटक गया। कार रोककर परिवार के लोग रास्ते की जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान कार को मोड़ने के लिए चालक ने यू-टर्न लिया। तभी लखनऊ की ओर से रामनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।

कार में फंसे थे शव, दरवाजे तोड़कर निकाला
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑल्टो कार का एक हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि छह वर्षीय हुदा गंभीर रूप से घायल मिली।

डंपर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी गई तो घर में कोहराम मच गया। एक साथ चार मौतों से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article