शाहजहांपुर में होली के मौके पर निकलने वाले ऐतिहासिक लाट साहब के जुलूस को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस अनोखी परंपरा में लाट साहब का स्वागत प्रतीकात्मक रूप से जूतों से किया जाता है, जिसे देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग उमड़ते हैं।
प्रशासन ने दोनों लाट साहब जुलूसों के मार्गों को तीन-तीन जोन में विभाजित किया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 100 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को ड्यूटी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
रामचंद्र मिशन क्षेत्र से निकलने वाले लाट साहब के जुलूस के लिए जोन-एक में हरदोई बाईपास से सरायकाइयां होते हुए पुत्तूलाल चौराहा तक का मार्ग तय किया गया है। जोन-दो में पुत्तूलाल चौराहा से रोजा और हथौड़ा होते हुए पक्कापुल तक का क्षेत्र शामिल किया गया है।
वहीं जोन-तीन में पुत्तूलाल चौराहा से बाईपास रोड होते हुए सरायकाइयां स्थित समापन स्थल तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। पूरे मार्ग पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इसके अलावा एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां सभी मजिस्ट्रेटों को 2 मार्च को रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। प्रशासन का कहना है कि परंपरा और सुरक्षा दोनों का पूरा ध्यान रखते हुए लाट साहब का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।


