गाजियाबाद।नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली गेट इलाके में एक पत्रकार पर आधा दर्जन हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पत्रकार को दौड़ाते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में पत्रकार आकाश गृह के सिर पर गहरी चोट आई है, जबकि उनके हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पत्रकार संगठनों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस हमले ने कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पत्रकार पर गुंडों का हमला, लाठी-डंडों और रॉड से पीटा, गंभीर घायल


