मोहम्मदाबाद।
नगर पंचायत खिमसेपुर में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की धुनों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर करीब दो बजे पूर्व प्रधान हरगोविंद की अध्यक्षता में काली नदी से हुआ। यहां से शोभायात्रा कटिन्ना मानिकपुर होते हुए बिहार पहुंची। इसके बाद नगला नारायण और गढ़ी चौराहा होते हुए धीरपुर चौराहे पर पहुंची, जहां शाम करीब छह बजे इसका समापन किया गया।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे। जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए गए। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। शोभायात्रा के दौरान क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
आयोजक एवं पूर्व प्रधान हरगोविंद यादव ने बताया कि शोभायात्रा का आयोजन काली नदी से खाटूश्याम मंदिर तक किया जाना था, लेकिन पुलिस ने अनुमति नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को रोकने के लिए गांव-गांव जाकर लाठीचार्ज किया गया। बाद में मार्ग में बदलाव कर शोभायात्रा की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत आयोजित कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने में सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपू यादव, अनुराग यादव, अवनीश, कुलदीप, बंटू यादव, राधाकृष्ण, रजत, शोभेंद, पीयूष, नानक सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।


