– सीएम को रिपोर्ट सौंपे जाने की खबरों का किया खंडन
लखनऊ। विशेष जांच दल (एसआईटी ) की रिपोर्ट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री को अभी तक एसआईटी की रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। सरकार की ओर से जारी बयान में रिपोर्ट सौंपे जाने संबंधी खबरों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया गया है।
सूचना विभाग ने मीडिया और सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही खबरों पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि कुछ माध्यमों में यह दावा किया जा रहा है कि SIT ने अपनी जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है, जबकि यह जानकारी सही नहीं है।
सरकार के अनुसार अभी तक एसआईटी के सदस्यों की मुख्यमंत्री से कोई मुलाकात भी नहीं हुई है। ऐसे में रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की खबरों का कोई आधार नहीं है। सूचना विभाग ने लोगों से अपुष्ट और भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील की है।
सरकारी बयान में कहा गया है कि जांच प्रक्रिया से संबंधित किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए। सरकार ने स्पष्ट किया कि जब भी जांच रिपोर्ट से संबंधित कोई आधिकारिक निर्णय या कार्रवाई होगी, उसकी विधिवत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
एसआईटी रिपोर्ट को लेकर चल रही अटकलों के बीच सरकार के इस स्पष्टीकरण के बाद मामले को लेकर स्थिति साफ हो गई है। फिलहाल रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपे जाने की खबरों को सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।


