– विभिन्न तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों पर बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध
– 43 हजार से 99 हजार रुपये तक मिलेगी प्रतिमाह शानदार सैलरी
– वीजा, यात्रा, आवास और मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा कंपनी की तरफ से फ्री
आगरा, 12 मई। योगी सरकार ‘मिशन रोजगार’ के तहत प्रदेश के युवाओं को केवल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बेहतरीन रोजगार दिलाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में योगी सरकार के सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के माध्यम से अब सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर बड़े स्तर पर बंपर भर्तियां निकाली गई हैं।
43 हजार से 99 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
यह विशेष भर्ती अभियान मुख्य रूप से पुरुष अभ्यर्थियों के लिए है। सऊदी अरब जाने वाले चयनित युवाओं को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 43,962 रुपये से लेकर 99,188 रुपये प्रतिमाह तक का शानदार वेतन प्रदान किया जाएगा। कंपनियों ने मुख्य रूप से स्ट्रक्चर वेल्डर, सामान्य वेल्डर, फैब्रिकेशन, प्लंबर और विभिन्न टेक्नीशियन जैसे पदों के लिए कुशल कारीगरों की मांग की है।
वीजा, यात्रा, आवास और मेडिकल इंश्योरेंस रहेगा फ्री
चयनित युवाओं को सऊदी अरब में रोजाना 8 घंटे ड्यूटी करनी होगी और सप्ताह में 6 कार्य दिवस रहेंगे। यह रोजगार अनुबंध शुरुआती तौर पर दो साल का होगा। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को रोजगार देने वाली कंपनी की तरफ से वीजा, यात्रा का खर्च, रहने के लिए आवास और मेडिकल इंश्योरेंस की पूरी सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
रोजगार संगम पोर्टल पर करें निःशुल्क आवेदन
इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा 25 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही संबंधित क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है। इच्छुक और योग्य युवा यूपी सरकार के आधिकारिक रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर ‘जॉब सीकर’ के रूप में अपना निःशुल्क पंजीकरण कर तुरंत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि उ.प्र. सरकार का मुख्य लक्ष्य हमारे कुशल युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप देश और विदेश में बेहतरीन रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। सऊदी अरब में तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों पर आगरा और प्रदेश के युवाओं के लिए यह अपने करियर को नई उड़ान देने का एक शानदार मौका है। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर तुरंत पंजीकरण कराएं। किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए युवा एमजी रोड स्थित साईं का तकिया चौराहा पर मौजूद क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आकर सीधे संपर्क कर सकते हैं।


