फर्रुखाबाद। बीते दिनों सदर उप जिलाधिकारी रजनीकांत का गैर जनपद शाहजहांपुर में नगर मजिस्ट्रेट पद पर तबादला होने के बाद जनपद में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर प्रशासनिक कार्यों को सुचारु एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी नें गुरुवार को कई राजस्व अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जारी आदेश के अनुसार उप जिलाधिकारी न्यायिक कायमगंज गजराज सिंह को उप जिलाधिकारी सदर फर्रुखाबाद नियुक्त किया गया है। वह पूर्व की भांति परियोजना अधिकारी डूडा का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। गजराज सिंह अपनी सख्त लेकिन जनहितैषी कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और आम जनता की समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्रशासनिक हलकों में खास पहचान रखते हैं। कायमगंज में तैनाती के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था, जनसुनवाई और राजस्व मामलों में सक्रिय भूमिका निभाकर अधिकारियों और जनता के बीच अच्छी छवि बनाई थी। अब सदर तहसील जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रशासनिक कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके साथ ही उप जिलाधिकारी यदुवंश कुमार को तत्काल प्रभाव से उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर फर्रुखाबाद के रिक्त पद पर तैनात किया गया है। वहीं अपर उप जिलाधिकारी सदर फर्रुखाबाद को उप जिलाधिकारी न्यायिक कायमगंज के न्यायिक कार्यों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
उधर उप जिलाधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उप जिलाधिकारी न्यायिक अमृतपुर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।


