21 C
Lucknow
Thursday, April 30, 2026

शॉर्ट सर्किट से लगी आग में चार घरों की गृहस्थी जली, नगदी समेत लाखों का नुकसान

Must read

शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के ग्राम केहरी नगला में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की इस घटना में हजारों रुपये की नगदी सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया। जले हुए आशियानों को देखकर पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया और परिजन दहाड़ें मारकर रोते नजर आए। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम केहरी नगला निवासी रोशन लाल के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोर मचाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक चार घरों की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। आग की घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
पीड़ित रोशन लाल के घर में रखी करीब 10 हजार रुपये की नगदी तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने इस घटना में लगभग 90 हजार रुपये के नुकसान की बात बताई है।

वहीं ग्रामीण किसान रामपाल के घर में भी आग पहुंच गई, जिससे करीब 3 हजार रुपये की नगदी और घरेलू सामान जल गया। रामपाल के अनुसार इस घटना में उन्हें करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा शिवचरण के घर में रखी करीब 12 हजार रुपये की नगदी तथा घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। बताया गया कि उन्हें भी हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

वहीं सरनाम सिंह का घर भी आग की चपेट में आ गया, जिससे 4 हजार रुपये की नगदी, पंपसेट और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सरनाम सिंह के अनुसार इस आगजनी की घटना में उन्हें करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना ग्राम प्रधान द्वारा राजस्व विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अनिल शर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से जानकारी लेकर आगजनी की घटना की जांच शुरू कर दी। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article