लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। राजधानी स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और कांग्रेस में उनका स्वागत किया। डॉ. राकेश वर्मा के पार्टी में शामिल होने को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
इसी कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री जारा खान ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें भी पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस में एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और फिल्म जगत से जुड़ी हस्ती के शामिल होने से पार्टी को संगठनात्मक और जनसंपर्क के स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है। पार्टी की ओर से दोनों नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई गई।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए अपने संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। नए चेहरों को पार्टी से जोड़ने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।


