फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में गैस प्लांट के पास ग्राम समाज की भूमि को लेकर विवाद सोमवार को हिंसक हो गया। घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, निसाई ग्राम प्रधान गीता देवी की तहरीर पर मुडगांव के प्रधान रामनारायण, हितेश, मनीष, गोल्डी, धीरेन्द्र उर्फ गुड्डा तथा एक अज्ञात युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ग्राम समाज की भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत अगस्त माह में प्रशासन से की गई थी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में लेखपाल और कानूनगो ने भूमि ग्राम पंचायत को सुपुर्द कराई थी, जहां वृक्षारोपण और मेड़बंदी भी कराई गई थी। आरोप है कि रविवार को आरोपियों ने दोबारा मेड़ तोड़ दी और विरोध करने पर प्रधान के पुत्र अभय के साथ मारपीट की, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी।
शिकायत के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे 20 से 25 लोगों का समूह फिर से कथित रूप से भूमि पर कब्जा करने पहुंचा। सूचना मिलने पर प्रधान पति सत्येंद्र मौके पर पहुंचे, जहां उन पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग किए जाने और वाहन से उतारकर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर पहुंचे अभय, मनोज, अमन, राहुल सहित अन्य लोगों के साथ भी मारपीट और फायरिंग किए जाने का आरोप है। तहरीर में मनोज पर बम से हमला किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
घटना में घायल सत्येंद्र को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार भी जारी है।
घटना के बाद एहतियातन निसाई ग्राम प्रधान गीता देवी और मुडगांव प्रधान रामनारायण के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया गया है कि रामनारायण के घर पर ताला लगा हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक मदनमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं तथा पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने कहा कि बम से हमला होने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि गोली लगने और अन्य चोटों की स्थिति मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


