35.2 C
Lucknow
Thursday, July 2, 2026

लाइसेंस नवीनीकरण में फर्जीवाड़ा, मेसर्स जय श्री कृष्णा रेफ्रिजरेशन पर एफआईआर दर्ज

Must read

क्रासर
कोल्ड स्टोरेज लाइसेंस के नवीनीकरण में अनियमितताओं का आरोप, दस्तावेजों की जांच में मिलीं गंभीर विसंगतियां, पुलिस ने शुरू की जांच
फर्रुखाबाद। जनपद में कोल्ड स्टोरेज लाइसेंस के नवीनीकरण में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वर्ष 2025-26 के लिए लाइसेंस नवीनीकरण के दौरान प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों में अनियमितताएं पाए जाने पर मेसर्स जय श्री कृष्णा रेफ्रिजरेशन के विरुद्ध कोतवाली फतेहगढ़ में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह की तहरीर पर कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने मेसर्स जय श्री कृष्णा रेफ्रिजरेशन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की शिकायत जिला उद्यान अधिकारी की ओर से कराई गई, जिसमें लाइसेंस नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेजों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार संस्था द्वारा वर्ष 2025-26 के लाइसेंस नवीनीकरण हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन के साथ संलग्न शपथ पत्र एवं अन्य अभिलेखों की जांच के दौरान कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। आरोप है कि दस्तावेजों में भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारी दी गई, जिससे लाइसेंस प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कोल्ड स्टोरेज अधिनियम, 1976 की धारा 37 के अंतर्गत निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। निरीक्षण में कोल्ड स्टोरेज के संचालन तथा लाइसेंस संबंधी अभिलेखों में भी गंभीर विसंगतियां मिलने का दावा किया गया है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को कार्रवाई के लिए भेजी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी दस्तावेजों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी लाइसेंस प्राप्त करने अथवा नवीनीकरण के दौरान किसी भी प्रकार के फर्जी दस्तावेज अथवा भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article