– वन राज्य मंत्री अरुण सक्सेना भी पहुंचे आवास
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जनपद प्रवास के दौरान संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय देते हुए शहर की वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. रजनी सरीन के लोहाई रोड स्थित आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहीं डॉ. सरीन से मुलाकात कर वित्त मंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
करीबियों के अनुसार मंत्री सुरेश खन्ना और डॉ. रजनी सरीन के बीच वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। यही कारण रहा कि व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच उन्होंने विशेष रूप से समय निकालकर उनके आवास पहुंचना जरूरी समझा। इस दौरान उन्होंने परिजनों से भी बातचीत की और चिकित्सकीय देखभाल संबंधी जानकारी प्राप्त की।
वित्त मंत्री ने कहा कि डॉ. रजनी सरीन ने चिकित्सा सेवा और सामाजिक जीवन में जो योगदान दिया है, वह अनुकरणीय है। समाज को उनकी सेवाओं की आवश्यकता है और सभी लोग उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। वनराज्य मंत्री अरुण सक्सेना, एमएलए सदर सुनील दत्त द्विवेदी, बीजेपी जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा,पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार जितेंद्र सिंह मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे
डॉ. रजनी सरीन के यहाँ जाने से पूर्व वित्त मंत्री आवास विकास स्थित अपने घनिष्ठ मित्र एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. सक्सेना के आवास भी पहुंचे थे । यहां उन्होंने शिष्टाचार भेंट कर स्वास्थ्य, समाज सेवा और जनपद के विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा की। दोनों चिकित्सकों के प्रति वित्त मंत्री के सम्मान और आत्मीय व्यवहार की स्थानीय स्तर पर व्यापक चर्चा रही।


