पंचायत के फैसले के बाद उठाया आत्मघाती कदम
हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक अंत सामने आया, जहां तीन बच्चों के पिता और उसकी प्रेमिका ने कथित तौर पर एक ही साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को दोनों के शव कमरे में एक साथ लटकते मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कछौना थाना क्षेत्र के चौरा गांव निवासी 35 वर्षीय श्रवण कुमार विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी शादी करीब नौ वर्ष पूर्व रीता से हुई थी, लेकिन पिछले लगभग ढाई वर्षों से उसका बेनीगंज क्षेत्र के मंगतपुरवा गांव निवासी 20 वर्षीय कुंती से प्रेम संबंध चल रहा था। इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। श्रवण की पत्नी भी इसी विवाद के चलते पिछले चार माह से मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले श्रवण अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मामला शांत हो गया। इसके बाद गांव के लंगड़ेदास बाबा मंदिर परिसर में पंचायत बुलाई गई, जिसमें श्रवण ने प्रेमिका के साथ रहने की इच्छा जताई। पंचायत के बाद दोनों के साथ रहने पर सहमति बनी और श्रवण प्रेमिका को अपने घर ले आया।
हालांकि इस फैसले का उसकी पत्नी ने कड़ा विरोध किया। उसने स्पष्ट कर दिया कि वह किसी भी हालत में प्रेमिका को घर में स्वीकार नहीं करेगी। पारिवारिक तनाव और सामाजिक दबाव के बीच दोनों मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। इसी बीच शुक्रवार देर रात दोनों ने कथित तौर पर एक ही साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम तथा क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा बनी हुई है।


