फर्रुखाबाद। विकास भवन फतेहगढ़ में बुधवार को जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा उपस्थित रहे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित पशुपालन, कृषि एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यालय से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना एवं नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
उप-पशु चिकित्साधिकारी ने किसानों से जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए पशुपालन और डेयरी व्यवसाय को आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों एवं पशुपालकों के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है और उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में डेयरी योजनाओं से जुड़ने की अपील की। वहीं, सृजनी महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के क्लस्टर मैनेजर आदित्य पाण्डेय ने महिला किसानों को एएमसीयू प्रशिक्षण एवं दुग्ध संग्रहण प्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं योजना के नोडल अधिकारी नंदलाल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा साहित्यकार वैभव सोमवंशी ने किया।


