शमशाबाद, फर्रुखाबाद। आलू की बंपर पैदावार के बावजूद उचित भाव नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। लगातार बनी मंदी के विरोध में शुक्रवार को विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम रजलामई से करीब 30 महिला-पुरुष किसानों का जत्था शमशाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा कन्नौज में आयोजित आलू आंदोलन सभा में शामिल होने के लिए रवाना हुआ।
किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष बड़ी मात्रा में आलू शीतगृहों में इस उम्मीद में भंडारित किया गया था कि आगे भाव बढ़ेंगे, लेकिन अपेक्षित मूल्य नहीं मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। अब नए आलू की खुदाई का मौसम नजदीक आने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के आह्वान पर किसान कन्नौज पहुंचे। सभा में आलू की मंदी, उचित मूल्य और किसानों की आर्थिक समस्याओं का मुद्दा उठाकर सरकार से किसानों के हित में प्रभावी रणनीति बनाने की मांग की जाएगी।
जत्थे में तहसील अध्यक्ष कायमगंज रमेश राठौर, राजेंद्र सिंह पाल, लालाराम, जितेंद्र सिंह, अवनीश गंगवार, हरवंश कुमार शाक्य, इंद्रेश कुमार, रामकेश सक्सेना और पन्नालाल सहित महिला किसान शामिल रहीं।
आलू की मंदी से परेशान किसान, कन्नौज आंदोलन के लिए रवाना


