30 C
Lucknow
Wednesday, April 15, 2026

CNI बढ़पुर चर्च में फैंसी ड्रेस फुटबॉल, ए टीम ने बी टीम को 2-1 से हराया

Must read

फैंसी ड्रेस फुटबॉल मैच में तीन साल का अरमान लेडी अवतार में रहा आकर्षण का केंद्र, बेस्ट ड्रेस का खिताब किया अपने नाम

फर्रुखाबाद: CNI बढ़पुर चर्च मैदान में आयोजित फैंसी ड्रेस फुटबॉल मैच (fancy dress football match) ने एक बार फिर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस अनोखे आयोजन की शुरुआत वर्ष 1997 में स्वर्गीय मुन्नब्बर सहाय एवं पादरी एस.के. सिंह द्वारा की गई थी, जो वर्षों से परंपरा के रूप में निरंतर आयोजित होता आ रहा है। मैच देखने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मैच की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि खिलाड़ी विभिन्न वेशभूषाओं और किरदारों में मैदान में उतरे। अनमोल लाल जादू के अवतार में, अरमान लाल लेडी अवतार में, आदित्य दास विचर के रूप में, आशीष सहाय निंजा कराटे के रूप में, आदित्य थामा के किरदार में, अभिजीत सहाय रूह बाबा के रूप में, रोहित डेविड किंग ऑफ येरुशलम के रूप में, गगन डाकू भीम सिंह बनकर, हनी, हनी पॉल और अंशुमन भूत के अवतार में नजर आए।

इसके अलावा सरोष सहाय क्रू, आशीष कसाई, रजत लाल बूगी मैन, विकास पी. लाल हसबैंड-वाइफ, बॉबी डकैत, आयुष मैसी हमजा धुरंधर (फिल्म किरदार), अमित ई. राम बच्चन पांडेय, जॉर्डन जेम्स किसान, विशाल दास व आकाश दास नॉर्मल खिलाड़ी के रूप में तथा चेतन खुफिया के अवतार में मैदान में उतरे। मैलबिन छोटा पंडित और अभिषेक लाल ब्लाइंड मैन के रूप में दर्शकों का आकर्षण बने।

मैच में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय तीन साल का छोटा खिलाड़ी अरमान रहा, जो लेडी अवतार में मैदान में पहुंचा। नन्हे खिलाड़ी को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाईं और लोगों ने उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

मैच में ए और बी टीम के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। टॉस बी टीम ने जीता। खेल के 45वें मिनट में ए टीम की ओर से आशीष कसाई अवतार में पहला गोल दागा। इसके कुछ देर बाद ही बी टीम ने बराबरी का गोल कर दिया। इसके बाद आशीष सहाय ने दो शानदार गोल कर ए टीम को बढ़त दिलाई। निर्धारित समय समाप्त होने पर ए टीम ने बी टीम को 2-1 से पराजित कर मैच अपने नाम किया।

गोलकीपर की भूमिका रोहित डेविड और चेतन ने निभाई। मैच के बाद कमेटी द्वारा सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब आशीष को दिया गया, जबकि बेस्ट फैंसी ड्रेस का पुरस्कार अरमान लाल (लेडी अवतार), अनमोल लाल (जादू), आदित्य दास (विचर) और रजत लाल (बूगी मैन) को प्रदान किया गया।

आगरा से आए मुख्य अतिथि पादरी हेराल्ड अमिताब और पादरी मनोज कुमार ने किक लगाकर मैच का शुभारंभ किया। मैच की कमेंट्री सुजीत सहाय ने की, जबकि रेफरी की जिम्मेदारी आदित्य सहाय ने निभाई। आयोजन के दौरान राजीव के लाल, डायमंड इंद्रियास, सुनील विक्टर, अजय लाल, नितिन जूलियस , डोरकस अवरार, रविंद्र लाल और वीना साइमन , सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article