कालाढूंगी। उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग अंतर्गत कालाढूंगी रेंज में एक बार फिर जंगली हाथी की गतिविधि से दहशत फैल गई। गुरुवार को ब्रह्मबूबू मंदिर के समीप एक विशालकाय हाथी अचानक मुख्य सड़क पर आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हाथी को सड़क पर खड़ा देखकर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक सड़क पर डटा रहा। इस दौरान कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां रोककर सुरक्षित दूरी पर खड़े रहे, जबकि कुछ लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हाथी के कारण मार्ग से गुजर रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने पर रामनगर वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। वन कर्मियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए हाथी के जंगल की ओर लौटने तक यातायात को नियंत्रित किया। इसके बाद ही वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कालाढूंगी और रामनगर क्षेत्र हाथियों के प्राकृतिक आवागमन का हिस्सा हैं। बरसात और मानसून के दौरान जंगलों से निकलकर हाथियों का सड़क और आबादी वाले इलाकों की ओर आना सामान्य बात है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
वन विभाग ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि यदि सड़क पर जंगली हाथी दिखाई दे तो उसके पास जाने, फोटो या वीडियो बनाने के लिए भीड़ लगाने अथवा उसे किसी भी तरह उकसाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें और हाथी के सुरक्षित रूप से जंगल लौटने तक धैर्य बनाए रखें।


