44.5 C
Lucknow
Thursday, June 11, 2026

गंगा स्नान से लौट रहे दंपति को डंपर ने रौंदा, महिला गंभीर

Must read

– भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दबोचा

कंपिल/फर्रुखाबाद। गंगा स्नान कर घर लौट रहे दंपति की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव जिरौलिया निवासी रामकुमार दीक्षित अपनी 45 वर्षीय पत्नी रेनू दीक्षित के साथ गुरुवार सुबह बदायूं जनपद के अटैना गंगा घाट से स्नान कर बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कंपिल-बदायूं मार्ग पर गांव इकलहरा के निकट पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान डंपर के पहिए की चपेट में आने से रेनू गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास के ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे डंपरों के बेलगाम संचालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही आए दिन हादसों को जन्म दे रही है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
गंगा स्नान से लौट रहे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। अब पुलिस चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article