29 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

रेलवे स्टेशन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण मे बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों पर फूटा गुस्सा

Must read

 

 

व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश

औरैया
जनपद के अछल्दा कस्बे स्थित रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल विशेष निरीक्षण के लिए अचानक स्पेशल ट्रेन से पहुंच गए। उनके आगमन की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्टेशन परिसर में मौजूद स्टाफ ने आनन-फानन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई खामियां उजागर हो गईं।
डीआरएम ने स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई, प्रतीक्षालय की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, टिकट घर की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही तब सामने आई जब स्टेशन पर लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इस पर डीआरएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा उपकरणों का बंद होना अत्यंत गंभीर मामला है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीआरएम ने मौके पर ही जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि कैमरों की तकनीकी खराबियों को समय रहते ठीक किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टिकट काउंटर पर यात्रियों को हो रही समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और टिकट वितरण प्रक्रिया को तेज एवं सुगम बनाएं, जिससे यात्रियों को लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्टेशन परिसर में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और उसकी स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा, क्योंकि गर्मी के मौसम में यह सुविधा यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेशन की वर्तमान स्थिति, चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अछल्दा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही को सख्ती से रोका जाए।
उनके इस औचक निरीक्षण से रेलवे विभाग में सतर्कता बढ़ गई है। कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश मिल गया है कि अब कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी कमियों को दूर कर स्टेशन को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article