40.9 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

नाला निर्माण के बीच पानी का निकास बंद, बढ़पुर व आवास विकास में जलभराव; बरसात से पहले बढ़ी लोगों की चिंता

Must read

फर्रुखाबाद। नगर पालिका परिषद द्वारा बढ़पुर क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य शुरू किए जाने के चलते पानी का निकास रोक दिए जाने से बढ़पुर, आवास विकास समेत आसपास के कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही गलियों और सड़कों पर पानी जमा होने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आवास विकास क्षेत्र के नालों की समय पर सफाई नहीं कराई गई और इसी बीच निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इससे बढ़पुर तथा अन्य मोहल्लों का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। परिणामस्वरूप आवास विकास सेक्टर-1 की कई गलियों में भी जलभराव की स्थिति बन गई है। यदि जल्द ही अच्छी बारिश हुई तो हालात और अधिक खराब होने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि सिविल लाइन स्थित टैंक से छोड़ा जाने वाला पानी भी नालों में रुकावट होने के कारण वापस मोहल्लों की ओर भर रहा है। निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित होने से लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूबने लगी हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बढ़पुर मोहल्ले में वर्षों से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। कई बार सड़क निर्माण तो कराया गया, लेकिन स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित नहीं की गई। हर वर्ष बरसात के दौरान क्षेत्र में जलभराव होता है और लोगों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के साथ-साथ पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से की जाती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। अब बरसात के दिनों में जलभराव बढ़ने से संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा मंडराने लगा है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है और डेंगू, मलेरिया तथा अन्य जलजनित बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article