लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
लखनऊ एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक नितिन नवीन का भव्य रोड शो निकाला गया। पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर और माल्यार्पण कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
भाजपा की ओर से रोड शो के दौरान 42 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इन स्वागत स्थलों पर व्यापारी संगठनों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न प्रकोष्ठों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
भाजपा का कहना है कि यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। प्रवास के दौरान नितिन नवीन संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे, पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, एमएलसी और जिला अध्यक्षों के साथ मंथन करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उनके दौरे को उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।


