फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को कायमगंज तहसील के विकासखंड शमसाबाद क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अध्ययन-अध्यापन की स्थिति, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद में डीएम ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उन्होंने बच्चों के ज्ञान का स्तर भी परखा। शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन और पाठ्यक्रम की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
डीएम ने निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। नियमित रूप से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षण कराया जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में सुधार हो सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी परखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को विद्यालयों में बेहतर एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विद्यालय में सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


