लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा विभाग में वर्षों बाद इतना बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। शासन ने एक साथ 28 जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस ) के तबादले कर शिक्षा जगत में हलचल मचा दी है। इसे विभाग का अब तक का सबसे बड़ा स्थानांतरण अभियान माना जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार देवेंद्र पांडे को लखनऊ, संतोष राय को प्रयागराज, प्रवीण तिवारी को कानपुर, चंद्रशेखर को नोएडा, डीपी सिंह को गाजियाबाद और जगदीश शुक्ला को मेरठ का जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जनपदों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रदेश में कुल 75 जिले हैं। इनमें से 28 जिलों में डीआईओएस बदलने का मतलब है कि लगभग 37 प्रतिशत जिलों की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रशासनिक दृष्टि से यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन प्रदेश में लगभग 28 हजार से अधिक माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लाखों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में डीआईओएस की भूमिका केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं होती, बल्कि बोर्ड परीक्षाओं, शिक्षकों की नियुक्तियों, मान्यता, वित्तीय व्यवस्थाओं और शिक्षा की गुणवत्ता से भी जुड़ी होती है।
शासन ने कुछ जनपदों में नियमित नियुक्ति के बजाय प्रभारी डीआईओएस की तैनाती भी की है। जौनपुर, आगरा, फिरोजाबाद,फर्रुखाबाद कौशांबी, पीलीभीत और कासगंज जैसे जिलों में प्रभारी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
28 जिलों के डीआईओएस बदले, माध्यमिक शिक्षा विभाग में रिकॉर्डतोड़ फेरबदल


