32.9 C
Lucknow
Thursday, July 23, 2026

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ दिग्विजय चौटाला का बड़ा आंदोलन, सिरसा में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे

Must read

सिरसा: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला (Digvijay Singh Chautala) ने हरियाणा (Haryana) में बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। दिग्विजय चौटाला भारी संख्या में युवाओं के साथ सिरसा के टाउन पार्क में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के पास अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

धरना शुरू करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के युवा अपने-अपने क्षेत्र को जंतर-मंतर बनाकर युवाओं की आवाज दिल्ली तक पहुंचाएं। उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली कूच करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि वे यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के नेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक युवा होने के नाते कर रहे हैं। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ एकजुट हों और पूरे हरियाणा में आवाज बुलंद करें।उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार की कथित दमनकारी नीतियों से युवा परेशान हैं।

ऐसे समय में युवाओं के अधिकारों और उनकी आवाज के लिए आवाज उठाना बेहद जरूरी है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर से लाखों युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकत्रित हुए थे। उनके अनुसार, प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई के जो दृश्य सामने आए, वे बेहद चिंताजनक और रोंगटे खड़े करने वाले थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि निहत्थे छात्रों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं और बरसात के दौरान टेजर गन से करंट के झटके दिए गए। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज से देशभर के लोग आहत हैं और लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article