41 C
Lucknow
Sunday, June 21, 2026

भागलपुर में अपराधी बेखौफ, दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, ग्रामीणों ने बदमाशों को दबोचा

Must read

भागलपुर: भागलपुर (Bhagalpur) जिले में बेखौफ अपराधियों का आतंक जारी है। ताजा मामला सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से समाने आया है, जहां सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग (Sultanganj-Deoghar Main Road) पर कामराय रामपुर के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों को आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

मृतक युवक की पहचान रामपुर निवासी बालेश्वर कुमार के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि, राकेश कुमार किसी कार्य से मुख्य सड़क के पास मौजूद थें, तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए गोलीबारी और हत्याकांड की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दोनों बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सुल्तानगंज थाना की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ की चंगुल से छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।

पिटाई में घायल दोनों आरोपियों को पुलिस ने सुरक्षा के बीच इलाज के लिए सुल्तानगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस की निगरानी में दोनों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान और उनके आपराधिक इतिहास के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के कारणों का भी अभी खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राकेश कुमार को निशाना बनाकर गोली क्यों मारी गई? मामले पर अभी पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, परिजनों का घटना के बाद से रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article