फर्रुखाबाद। जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गैस एजेंसियों पर मनमानी, देरी और उपभोक्ताओं को परेशान करने के आरोप लगाते हुए भारतीय व्यापार मंडल फतेहगढ़ ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर शहर में उपभोक्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।
भारतीय व्यापार मंडल फतेहगढ़ के अध्यक्ष रविकांत गुप्ता ने अपनी टीम के साथ डीएम को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि जिले की कई गैस एजेंसियां बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं। उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जबकि ऑनलाइन भुगतान लेने के बावजूद गैस वितरण में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
ज्ञापन में नेशनल गैस एजेंसी लाल सराय का मामला प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि नितगंजा दक्षिण निवासी गैस उपभोक्ता आशीष गुप्ता ने 29 अप्रैल को ऑनलाइन गैस बुकिंग कराई थी और 3 मई को ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला। आरोप है कि एजेंसी की उदासीनता के कारण परिवार को खाना बनाने तक के संकट से जूझना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने कहा कि शहर में अब चूल्हा और लकड़ी जैसी वैकल्पिक व्यवस्था भी आसानी से उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते छोटे बच्चों तक को भूख की परेशानी झेलनी पड़ रही है। संगठन का कहना है कि यह केवल एक उपभोक्ता की समस्या नहीं, बल्कि जिले भर से ऐसी तमाम शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
ज्ञापन में जिला पूर्ति अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए और मांग की गई कि गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी कराई जाए। संगठन ने मांग रखी कि ऑनलाइन बुकिंग, भुगतान और वितरण की प्रतिदिन समीक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगे।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि गैस वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता, व्यापार मंडल ने डीएम के जरिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन


