फतेहपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी ने निजी स्कूलों की कथित अनियमितताओं के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जनपद के कई निजी विद्यालय मनमानी तरीके से संचालन कर रहे हैं, जिसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि भीषण गर्मी के बावजूद स्कूलों का समय बच्चों के लिए उपयुक्त नहीं रखा गया है, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और प्रबंधन से जुड़ी कई अन्य समस्याओं को भी उठाया गया।
कांग्रेस ने पांच सूत्रीय मांगें रखते हुए स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित करने की मांग की है। साथ ही सभी कक्षाओं में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू करने, स्वच्छ पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्कूलों द्वारा निर्धारित दुकानों से ही किताबें खरीदने की बाध्यता समाप्त करने की बात कही गई है।
इसके अलावा पार्टी ने निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस वसूली पर रोक लगाने के लिए एक जांच समिति गठित करने की भी मांग की है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आनंद सिंह (महासचिव), सतीश शर्मा (एडवोकेट), राजकुमार, आदित्य श्रीवास्तव, अरुण के. आद और राम बहादुर यादव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


