– प्रदेशवासियों से 21 मई तक स्वगणना करने की अपील
गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण ‘स्वगणना’ के अंतर्गत ऑनलाइन प्रपत्र भरकर प्रदेशवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिक 21 मई तक स्वगणना प्रक्रिया में शामिल होकर सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जनगणना “हमारी जनगणना-हमारा विकास” की भावना पर आधारित है। उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुगम बनाया गया है। इससे आंकड़ों की शुद्धता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक तेजी से पहुंच सकेगा।
उन्होंने कहा कि सटीक जनसंख्या आंकड़े किसी भी राज्य और देश के विकास की आधारशिला होते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
सरकार के अनुसार इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप और ऑनलाइन पोर्टल का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और सामाजिक-आर्थिक विवरण भर सकेंगे। इससे समय की बचत होने के साथ प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे तकनीक आधारित इस नई व्यवस्था का लाभ उठाते हुए समय सीमा के भीतर स्वगणना प्रक्रिया पूरी करें और राज्य व देश के विकास में सहभागी बनें।


